विकास बंसल बने अग्रवाल वैश्य समाज के युवा प्रदेश महासचिव
करनाल, अभी अभी : अग्रवाल वैश्य समाज की युवा प्रदेश इकाई में करनाल के विकास बंसल को महासचिव की जिम्मेवारी मिली है। प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने उनकी नियुक्ति की है। अपनी नियुक्ति पर विकास बंसल ने प्रदेश अध्यक्ष सहित तमाम वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेवारी उन्हें मिली है उसे वह ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु गोयल और कार्यकारी अध्यक्ष मयंक गर्ग के साथ कार्य करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का काम किया जाएगा। अग्रवाल वैश्य समाज की नीतियों और उद्देश्यों को युवाओं तक पहुंचा कर उन्हें संगठन के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला एवं विधानसभा स्तर पर युवा इकाईयों का गठन किया जाएगा। सक्रिय रूप से अग्रवाल वैश्य समाज को समर्पित होकर कार्य करने वाले युवाओं को जिम्मेवारी सौंपी जाएंगी। उन्होंने कहा कि युवा टीम की सभी इकाइयों के गठन के उपरांत उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व विकास एवं इंटर्नशिप जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज की युवा पीढ़ी को न केवल वर्तमान चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके, बल्कि उन्हें भविष्य में एक सक्षम और जागरूक नेतृत्व के रूप में विकसित किया जा सके।




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































