श्री खाटू श्याम मंदिर करनाल का स्थापना दिवस : 25 जून को होगा भव्य संकीर्तन
करनाल, अभी अभी। श्री खाटू श्याम मंदिर पुरानी अनाजमंडी के स्थापना दिवस के अवसर पर 25 जून को विशाल एवं भव्य श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के साथ लगते मैदान में पांडाल सजाया जा रहा है। हजारों लोग एक साथ बैठकर श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे। श्याम बाबा का शृंगार विशेष प्रकार के फूलों से किया जाएगा। मंदिर के कपाट अल सुबह से देर रात तक खुले रहेंगे ताकि श्रद्धालु श्याम बाबा के दर्शन कर सकें। बुधवार को मंदिर के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी विस्तार से दी। प्रधान देसराज गुप्ता ने बताया कि श्याम बाबा का गुणगान करने के लिए कई भजन गायकों को आमंत्रित किया गया है। करनाल जिला के कई गायकों सहित प्रकाश मिश्रा कोलकाता, प्रिंस बजाज व श्वेता अग्रवाल अपनी मधुर वाणी में भजन गाकर श्याम बाबा की महिमा का बखान करेंगे। शाम छह बजे श्याम बाबा के समक्ष पावन जोत प्रज्जवलित करने के साथ संकीर्तन की शुरूआत होगी। संकीर्तन में शामिल होने के लिए सभी को खुला निमंत्रण दिया गया है। कीर्तन के दौरान श्याम रसोई की व्यवस्था भी रहेगी। लोगों के बैठने के लिए उचित प्रबंधा किए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि चार वर्ष पूर्व श्री खाटू श्याम मंदिर की स्थापना की गई थी। एक सप्ताह चले अनुष्ठान के दौरान मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्याम बाबा के दर्शनों के लिए मंदिर में पहुंचते हैं। इस अवसर पर देसराज गुप्ता, अनिल गर्ग, महेंद्र गुप्ता, रामकर्ण गोयल, कमल शुक्ला, प्रवीण गोयल, विवेक गुप्ता, दीपक मित्तल, आकाश गुप्ता, पवन गुप्ता, कृष्ण गुप्ता व पंकिल गोयल मौजूद रहे।


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































