#Protest

शहीदी दिवस पर करनाल में होगा ‘पाखंड खंडन एवं जनचेतना सम्मेलन

गायक मासूम शर्मा गीतों से देंगे अंधविश्वास के खिलाफ संदेश

महापुरुषों के अपमान और पाखंड के विरोध में निकलेगी शहर में जनचेतना यात्रा, डीसी को सौंपा जाएगा ज्ञापन

करनाल, अभी अभी : शहीदी दिवस 23 सितंबर को आर्य समाज सेक्टर-6 के परिसर में पाखंड खंडन एवं जनचेतना सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। आर्य केंद्रीय सभा की ओर से होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर से विद्वान और आचार्य पहुंचकर पाखंड व अंधविश्वास के खिलाफ अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा भी विशेष रूप से शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार, वे अपनी गायिकी के माध्यम से पाखंड और अंधविश्वास के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश देंगे।

आर्य केंद्रीय सभा के प्रधान आनंद सिंह आर्य ने कहा कि समाज में पाखंड और अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा महापुरुषों के बारे में आपत्तिजनक बातें की जा रही हैं, जिसे लेकर समाज में रोष है। आयोजकों ने रामपाल दास का नाम लेते हुए उनके बयानों पर आपत्ति जताई और कहा कि महापुरुषों का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। आर्य केंद्रीय सभा के महामंत्री स्वतंत्र कुकरेजा ने कहा कि आर्य समाज की स्थापना के समय से ही पाखंड, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण का प्रयास किया जाता रहा है। जब भी समाज में कुरीतियां बढ़ीं, आर्य समाज ने लोगों को जागरूक करने का काम किया। कार्यक्रम संयोजक आर्य दिलबाग लाठर ने बताया कि सम्मेलन के बाद वाहनों के काफिले के साथ करनाल शहर में जनचेतना यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से लोगों को पाखंड और अंधविश्वास से दूर रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।

– डीसी को सौंपेंगे ज्ञापन, होर्डिंग का मुद्दा भी उठेगा

आयोजकों ने बताया कि जनचेतना कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें समाज को बांटने वाली गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग रखी जाएगी। साथ ही रामपाल दास से जुड़े होर्डिंग का मुद्दा भी उठाया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि नेशनल हाईवे पर लगे कुछ होर्डिंग के लिए अनुमति नहीं ली गई है। उनका कहना है कि इस संबंध में हाईवे अधिकारियों से बातचीत की गई है और अनधिकृत होर्डिंग हटाए जाने चाहिए। इस अवसर पर वेदमित्र आर्य, रिया आर्य, ओमप्रकाश आर्य, डॉ. यशवीर शास्त्री, सुभाष आर्य और हर्षित आर्य मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *