यूपी बोर्ड परीक्षाओं में ‘वर्मा लड़कियां’ छाई, 10वीं और 12वीं में टॉप किया
UP BOARD RESULT : उत्तर प्रदेश बोर्ड से 10वीं और 12वीं की परीक्षा देने वाले लाखों छात्रों को बड़ी राहत मिली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) ने गुरुवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए। एक बार फिर बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) की परीक्षा में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया है। बोर्ड परीक्षाएं प्रदेश के सभी 75 जिलों में स्थापित 8,033 केंद्रों पर 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल तक कुल 254 केंद्रों पर कराया गया, जिसमें करीब 55,976 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। इंटरमीडिएट की लगभग 1.23 करोड़ कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि परिणाम जारी होने के साथ ही टॉपर्स की सूची भी घोषित कर दी गई है। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। छात्र अपने परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट, डिजिलॉकर, और एसएमएस के माध्यम से देख सकते हैं।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































