करनाल में कांग्रेस सेवा दल ने परंपरा अनुसार फहराया राष्ट्रीय ध्वज
करनाल, अभी अभी। कांग्रेस सेवा दल की परंपरा के तहत महीने के आखिरी रविवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। शहीद उधम सिंह की प्रतिमा के नजदीक यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्वप्रथम कार्यकर्ताओं ने शहीद उधम सिंह की प्रतिमा की सफाई की। इसके बाद उन्हें पुष्पमालाएं अर्पित की गई। सेवादल के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सेवादल के जिला प्रधान अनिल शर्मा, ग्रामीण प्रधान मदन राणा व महिला प्रधान हरदीप कौर ने कार्यकर्ताओं को सेवादल के मूल कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा दल की शुरुआत 1924 में एनएस हार्डिकर ने आंध्र प्रदेश के काकिनाडा में की थी। पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू कांग्रेस सेवा दल के पहले चेयरमैन बनाए गए। आजादी की लड़ाई में शामिल कांग्रेस के बड़े नेता इसके सदस्य रहे। प्रदेश महासचिव जसबीर पान्नु ने कहा कि सेवा दल के स्वयंसेवक गांधी टोपी पहनने और उनके विचारों पर चलने के लिए जाने जाते हैं। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय गान का गायन किया गया। चाय पर चर्चा कार्यक्रम ‘रवि मिलन’ का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव जसबीर पान्नु, महिला प्रदेश महासचिव सुनीता रानी, प्रदेश संगठन सचिव ईशम सिंह चौहान, प्रदेश सचिव बलजीत चौहान, जिला महासचिव गुरमीत सिंह, वरिष्ठ उपप्रधान सुखबीर सिंह, उपप्रधान पुरुषोत्तम चौरा, ब्लॉक प्रधान इंद्री श्रवण कुमार, ब्लॉक करनाल प्रधान राजपाल सिंह, जिला सचिव सचिन तोमर, मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा, साहिल, सर्वजीत सिंह व महिंद्रा रानी आदि मौजूद रहे।




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































