अग्रवाल वैश्य समाज के युवा पदाधिकारियों ने करनाल में ली शपथ
अशोक बुवानीवाला बोले, राजनीति में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
करनाल, अभी अभी। अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा की युवा इकाई के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को अग्रसेन भवन सेक्टर आठ में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने युवाओं को समाज के लिए निष्ठा, र्ईमानदारी और संकल्प के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। युवा इकाई के प्रदेश महासचिव विकास बंसल ने यह जानकारी दी। अपने संबोधन में अशोक बुवानीवाला ने कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान और मजबूत राजनीतिक का आधार है। जिस समाज की राजनीतिक भागीदारी मजबूत होती है, उसकी आवाज भी उतनी ही अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। राजनीति में समाज की विशेषकर युवाओं की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। युवा समाज की ऊर्जा, सोच और नई दिशा का प्रतीक होते हैं। यदि युवा राजनीति से जुडक़र सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हैं तो वे न केवल अपने समाज का प्रतिनिधित्व मजबूत कर सकते हैं, बल्कि समाज के हितों की रक्षा में अपना अहम योगदान दे सकते हैं। युवाओं को केवल मतदान तक सीमित न रहकर संगठन निर्माण, सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए आगे आना चाहिए। उपस्थित युवाओं को संगठनात्मक प्रक्रिया समझाते हुए बुवानीवाला ने कहा कि एक मजबूत टीम संगठन की रीढ़ होती है। टीम के प्रत्येक सदस्य की अपनी अलग-अलग क्षमता, अनुभव और कार्य करने की शैली होती है। जब इन सभी क्षमताओं का सही तालमेल बनता है तो संगठन को नई ऊर्जा और गति मिलती है। युवा प्रदेश महासचिव विकास बंसल, युवा प्रभारी नवदीप बंसल, सह प्रभारी हरिओम अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु गोयल व कार्यकारी अध्यक्ष मयंक गर्ग ने कहा कि युवाओं को राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित न मानकर समाज सेवा और परिवर्तन के एक महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में देखना चाहिए। युवा इकाई का विस्तार युद्ध स्तर पर किया जा रहा है और जल्द ही हर जिले के साथ-साथ प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में समाज की युवा इकाईयों का विस्तार किया जाएगा। नई टीम राजनीतिक भागीदारी, संगठन विस्तार और युवाओं को जोडऩे के अभियान को और अधिक गति प्रदान करेगी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, युवा प्रभारी नवदीप बंसल, सह प्रभारी हरिओम अग्रवाल, युवा अध्यक्ष हिमांशु गोयल, प्रदेश महासचिव विकास बंसल, कार्यकारी अध्यक्ष मयंक गर्ग, प्रदेश सचिव पंकज मित्तल, करनाल जिला अध्यक्ष विकास अग्रवाल, गौरव मित्तल, अमित गर्ग, तरूण गुप्ता, डॉ. राजेश गुप्ता, आशीष मित्तल, युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश सिंगला, रवि गर्ग मोनू, उपाध्यक्ष निखिल बंसल, युगल गुप्ता, सचिव आकाश चाचाण, रोहीत सिंगला व श्रीकांत बंसल सहित समस्त जिला एवं विधानसभा के पदाधिकारी मौजूद रहे।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































