हरियाणा फैडरेशन ऑफ इंजीनियर्स ने आठवें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग की

करनाल, अभी अभी। हरियाणा फैडरेशन ऑफ इंजीनियर्स की मीटिंग मंगलसेन सभागार में हुई। प्रदेश भर के तमाम सार्वजनिक विभागों से एसडीओ, एक्सईएन व एसई बैठक में पहुंचे। इस दौरान इंजीनियरों की मांगों, अधिकारों और विभागीय हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। अध्यक्षता फैडरेशन के अध्यक्ष रामकिशन शर्मा ने की व मंच संचालन सत्यपाल योगी और दलबीर राठी ने किया। बैठक में फैडरेशन की ओर से प्रदेश सरकार से आह्वान किया गया कि इंजीनियरों को भी आठवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाए। इंजीनियरों ने कहा कि विकास कार्यों की योजना बनाने से लेकर उन्हें धरातल पर लागू करने तक इंजीनियरों की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में उनके योगदान को उचित मान्यता मिलनी चाहिए और उन्हें आईएएस अधिकारियों की तरह सम्मान दिया जाना चाहिए। मीटिंग में इंजीनियरिंग वर्ग की एकता पर भी विशेष जोर दिया गया। उपस्थित अधिकारियों से अपील की गई कि सभी इंजीनियर आपसी तालमेल, सहयोग और भाईचारे के साथ रहें तथा अपने हितों और मांगों को लेकर एकजुटता का परिचय दें। फैडरेशन के अध्यक्ष रामकिशन शर्मा ने कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसकी एकता में होती है। जब सभी सदस्य मिलकर अपनी आवाज उठाते हैं, तो उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखा जा सकता है। फैडरेशन ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार इंजीनियरों की मांगों पर सकारात्मक विचार करेगी और उनके योगदान तथा जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगी। बैठक का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग वर्ग को एक मंच पर लाना, आपसी समन्वय बढ़ाना और उनके अधिकारों एवं सम्मान से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना रहा। एसडीओ धर्मवीर आर्य व एसडीओ संजीव राणा ने कहा कि इंजीनियरों के हितों से जुड़े विषयों को उचित मंच पर उठाना और उनके सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने आपसी सहयोग बनाए रखने तथा अपनी मांगों को संगठित और सकारात्मक तरीके से सरकार के समक्ष रखने की आवश्यकता पर बल दिया। धर्मवीर आर्य ने कहा कि आठवें वेतन आयोग का लाभ देेने की मांग को सरकार के समक्ष लगातार पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा। मीटिंग में तय किया गया कि फैडरेशन की नई कार्यकारिणी का चुनाव 17 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इससे पहले सदस्यता अभियान पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर अध्यक्ष रामकिशन शर्मा, उपप्रधान पेशल कुमार, महासचिव अशोक कुमार श्योकंद, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, कार्यकारिणी सदस्य आरएस मलिक, सुरेश सैनी, भगत राम बिश्रोई, अजय कटारिया, सत्यपाल योगी, दलबीर राठी, एसडीओ धर्मवीर आर्य व एसडीओ संजीव राणा ने संबोधित किया।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































