दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर केस दर्ज करने के आदेश
नई दिल्ली, एजेंसी। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बड़ा झटका लगा है. हाईकोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है. पूरा मामला दोहरी नागरिकता से जुड़ा हुआ है. इस मामले पर आज लखनऊ की बेंच में सुनवाई हुई. बता दें कि यह आदेश निचली अदालत के उस फैसले के खिलाफ है, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने वाली मांग को खारिज कर दिया गया था. दरअसल, राहुल गांधी पर दोहरी नागरिकता ( भारत और ब्रिटेन) रखने का आरोप है. इस कारण इसकी जांच के आदेश हाईकोर्ट ने दिए हैं. एफआईआर दर्ज करने के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी सरकार को इस मामले में जांच खुद करने या केंद्रीय एजेंसी को सौंपने का आदेश दिया है. हाईकोर्ट ने यह आदेश बीजेपी के कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया.

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































