#Political

यूपी में शिक्षकों को बड़ी सौगात, 5 लाख रुपए तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा शुरू

ABHI ABHI BREAKING : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य योजना की शुरुआत की। इस योजना से शिक्षक और उनके परिवार बिना किसी परेशानी के चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने वाराणसी में ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ की शुरुआत की। इसके तहत प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपए तक की कैशलेस इलाज सुविधा मिलेगी। इस योजना से बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े करीब 15 लाख शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी लाभान्वित होंगे। नियमित शिक्षकों के साथ शिक्षा मित्र, अनुदेशक, रसोइये और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी सौंपे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा अपना वादा पूरा किया है। अब शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा दें। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों के लिए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से 1,320 करोड़ रुपए की राशि भी जारी की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को स्कूल यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग और अन्य जरूरी सामान के लिए 1,200 रुपए दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है और इसमें शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘निपुण भारत अभियान’ का जिक्र करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब शिक्षा की नींव मजबूत होगी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार हुए हैं और शिक्षकों को समाज में सम्मानजनक स्थान मिल रहा है।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *