#Social

दिल्ली में बकरीद पर सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी पर पूरी तरह पाबंदी

ABHI ABHI BREAKING : दिल्ली सरकार ने बकरीद को लेकर सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने आज शुक्रवार को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर वीडियो जारी कर इन निर्देशों की जानकारी दी और कहा कि किसी भी तरह के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मंत्री कपिल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि बकरीद के अवसर पर गोवंश, गाय, बछड़े, ऊंट और अन्य प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी देना पूरी तरह गैरकानूनी है। ऐसा करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे।

दिल्ली सरकार के मुख्य दिशानिर्देशों के अनुसार, “बकरीद के दौरान सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, गलियों या पार्कों में किसी भी प्रकार की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। कुर्बानी केवल निर्धारित और अधिकृत स्थानों पर ही दी जा सकेगी। कुर्बानी के बाद निकलने वाले कचरे, खून या अन्य अवशेषों को नालियों, सीवरों या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर फेंकना सख्ती से प्रतिबंधित है। साथ ही, बाजारों में अवैध रूप से मवेशियों की खरीद-बिक्री, सड़कों पर अस्थायी पशु बाजार लगाना और जानवरों की गैरकानूनी तस्करी पर भी पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।” कपिल मिश्रा ने कहा, “दिल्ली सरकार के विकास मंत्रालय ने बकरीद के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। गाय-बछड़ों और प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी देना गैरकानूनी है। सार्वजनिक जगहों पर कुर्बानी पर पूरी तरह रोक है। नालियों में खून या कचरा फेंकना भी मना है। कुर्बानी केवल तय जगहों पर ही होनी चाहिए।”

उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति इन दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए दिखे तो तुरंत दिल्ली पुलिस या दिल्ली सरकार के विकास मंत्रालय को सूचित करें। मंत्री ने कहा कि त्योहार शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी को बकरीद की शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *