#Political

एक नवंबर की रैली में माफी मांगें राहुल गांधी, करनाल भाजपा नेता ने लिखा पत्र

करनाल, अभी अभी। करनाल भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन त्रिलोचन सिंह ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर एक नवंबर की रैली का नाम क्षमा याचना रैली रखने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि मंच से खड़े होकर वर्ष 1984 के सिख नरसंहार के पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि एक नवंबर की तारीख वर्ष 1984 की उन दर्दनाक घटनाओं की याद दिलाती है, जिनमें बड़ी संख्या में निर्दोष लोगों की जान गई थी। उन घटनाओं का दर्द आज भी पीडि़त परिवारों और समाज के लोगों के मन में मौजूद है। पत्र में सवाल उठाया गया है कि जिस दिन को हजारों परिवारों के लिए दुख और पीड़ा की याद के रूप में देखा जाता है, उसी दिन रैली आयोजित करना उचित कैसे माना जा सकता है? इस तारीख से जुड़ी ऐतिहासिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए राहुल गांधी को अपने कार्यक्रम के स्वरूप और संदेश पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। पत्र में यह भी कहा गया है कि इतिहास के दर्दनाक अध्यायों को केवल राजनीतिक बहस तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। ऐसे अवसरों पर संवेदनशीलता, मानवीय मूल्यों और पीडि़त परिवारों के सम्मान को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। किसी भी राजनीतिक नेतृत्व की जिम्मेदारी है कि वह समाज के जख्मों को समझे और उनके प्रति सम्मानजनक रुख अपनाए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *