हाईकोर्ट के आदेश से खुश गेस्ट टीचर विधायक जगमोहन आनंद से मिलने पहुंचे
करनाल, अभी अभी। जिले के अतिथि अध्यापकों ने हाईकोर्ट द्वारा आगामी दो महीनों में प्रदेशभर के अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के आदेश पर खुशी जाहिर की है। इस पर विधायक जगमोहन आनंद का आभार व्यक्त करने के लिए गेस्ट टीचर उनके निवास पर पहुंचे। मुंह मीठा करवा कर विधायक का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अतिथि अध्यापक संघ के पूर्व प्रधान नरिंद्र सिंह संधू ने कहा कि अतिथि अध्यापक पिछले 20-21 सालों से अपने हकों के लिए सडक़ से लेकर कोर्ट तक लड़ाई लड़ रहे हैं। इस लड़ाई को लड़ते हुए हमने अपनी शहीद बहन राज रानी जी के अलावा अनेकों सैकड़ों साथियों को खो दिया। कांग्रेस सरकार ने दिसम्बर 2005-06 के दौरान अतिथि अध्यापक नियुक्त किए थे। उस समय सरकारी स्कूलों की व्यवस्था अध्यापकों की कमी के कारण पूरी तरह से चरमराई हुई थी। गेस्ट टीचर्स ने बहुत ही कम वेतन में अपनी पूर्ण सेवाएं देते हुए अपने हकों की लड़ाई लड़ी। वर्ष 2014 में जिस समय दिल्ली जंतर मंतर पर हमारे 11 साथी आमरण अनशन पर बैठे हुए थे उस समय के दौरान हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामविलास शर्मा, अनिल विज, कैप्टेन अभिमन्यु और ओपी धनखड़ आदि सभी उस समय के कद्दावर नेता दिल्ली जंतर मंतर हमारे धरने पर पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष राम विलास शर्मा जी ने लिखित में वायदा किया था कि भाजपा सरकार बनते ही पहली कलम चलेगी आपको पक्का करने के लिए और साथ में आपको पिछले 8-9 सालों का बकाया एरियर भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश मामला हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में चले जाने के कारण सरकार ने अपनी विवशता दर्शाई और फिर 2019 में एक एक्ट बनाकर माननीय मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और शिक्षा मंत्री राम विलास शर्मा के सहयोग से 58 वर्ष की आयु तक हमारे रोजगार को सुरक्षित किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट में चल रहे केसों में हमारी भाजपा सरकार ने पूरी पैरवी की जिसके कारण तीन साल की पालिसी बची और फिर हाई कोर्ट ने उसी बची हुई तीन साल की पालिसी के आधार पर अतिथि शिक्षकों को नियमित करने का फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि विधायक जगमोहन आनंद ने करनाल कमेटी चौंक पर चल रहे रहे अतिथि अध्यापकों के आंदोलन के समय अपना मुंडन भी करवाया था और जब से वो जनता का समर्थन और आशीर्वाद लेकर विधायक बने हैं तभी से वो अतिथि अध्यापकों के हकों की पूरी पैरवी कर रहे हैं। विधायक ने अतिथि अध्यापकों को पूर्ण आश्वासन दिया कि वो जल्द ही सरकार के साथ आगामी मीटिंग में कोर्ट के फैसले के अनुसार नियमित करवाने की पूरी पैरवी करेंगे। गेस्ट टीचर्स के शिष्ट मण्डल की मीटिंग जल्द ही केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से करवाएंगे। अतिथि अध्यापकों ने नीलोखेड़ी विधायक भगवान दास को भी ज्ञापन पत्र सौंपा है। इस अवसर पर मनदीप कुंडू, नरेश कंबोज, सतीश शर्मा, विनोद कांबोज, बलवान सुभरी, रमेश घीड़, कृष्ण बड़थल, राकेश रायसन, टोनी राणा, जितेंद्र भारद्वाज, अमित शर्मा, रामपाल, दयानंद शर्मा, सीमा, सरिता, संतोष व कोमल कांबोज मौजूद रहे।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































