श्री खाटू श्याम मंदिर करनाल का स्थापना महोत्सव शुरू, निशान यात्रा निकाली
करनाल, अभी अभी। श्री खाटू श्याम मंदिर पुरानी अनाजमंडी का चौथा स्थापना दिवस श्रद्धापूर्वक एवं हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। समारोह की शुरूआत मंगलवार को निशान यात्रा निकाल कर की गई। मंदिर में श्याम बाबा के समक्ष निशान पूजन के बाद भक्त श्री श्याम ध्वज हाथों में लेकर यात्रा में शामिल हुए। बैंडबाजों के साथ धूमधाम से निकाली गई श्याम बाबा की निशान यात्रा में सैकड़ों श्याम प्रेमी शामिल हुए। श्याम प्रेमी हाथों में निशान लेकर नाचते गाते हुए श्याम पालकी के साथ-साथ चले। लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्याम बाबा और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। महिला श्रद्धालु भी खुशी में नाचती झूमती दिखाई दी। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक श्याम बाबा के जयकारे लगा रहे थे। नावल्टी रोड, कर्ण गेट, ओल्ड जीटी रोड व बांसो गेट से होते हुए मंदिर में विश्राम लिया गया। निशान यात्रा में श्याम बाबा रथ पर सवार रहे। लोगों ने श्याम बाबा की आरती उतार कर मनोकामनाएं मांगी। बच्चे जय श्री श्याम के जोरदार जयकारे लगाते दिखाई दिए। प्रधान देसराज गुप्ता ने बताया कि 25 जून को मंदिर के साथ लगते मैदान में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। शाम छह बजे श्याम बाबा के समक्ष पावन जोत प्रज्जवलित करने के बाद भजन गायक उनकी महिमा का गुणगान करेंगे। संकीर्तन में शामिल होने के लिए सभी को खुला निमंत्रण दिया गया है। उन्होंने बताया कि करनाल जिला के कई गायकों सहित प्रकाश मिश्रा, प्रिंस बजाज व श्वेता अग्रवाल श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे। श्याम रसोई में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। इस अवसर पर अनिल गर्ग, आकाश गुप्ता, राजेश गर्ग, पवन गुप्ता, कृष्ण गोयल, प्रदीप काम्बोज, रामकर्ण गोयल, महेंद्र गुप्ता व पंकिल गोयल आदि मौजूद रहे।
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































