#Political

उपचुनाव नतीजों में भाजपा को बड़ा झटका!

नई दिल्ली। देश में मध्यप्रदेश के दतिया, बिहार के बांकीपुर और गुजरात की मंजलपुर सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। हालांकि मंजलपुर की भाजपा बचाने में कामयाब रही है, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के इस्तीफे की वजह से खाली हुई बिहार की बांकीपुर सीट पर जनसुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर की जीत ने भाजपा के चेहरे पर शिकन की लकीरें खींच दी हैं। कुछ माह पहले ही बिहार में भाजपा के नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार के कामकाज पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। बीते 35 वर्षों से भाजपा बांकीपुर सीट पर लगातार चुनाव जीतती रही है, लेकिन भाजपा के सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली पहली सरकार में भाजपा का यह मजबूत किला ताश के पत्तों की तरह ढह गया है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कार्यशैली को लेकर बड़ा सवाल उठने लगा है। इसी तरह मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव की अगुवाई में चल रही भाजपा सरकार को दतिया में तगड़ा झटका लगा है। यहां पर शुरू से ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने पर नाराजगी जताते हुए तगड़ा विरोध जताया था। हालात इतने नाजुक हो गए थे कि नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने कई गाडिय़ां तक फूंक दी थी। हालांकि नरोत्तम मिश्रा ने आंसू बहाते हुए भाजपा प्रत्याशी का समर्थन किया था, लेकिन भाजपा प्रदेश में अपनी सरकार होने के बावजूद दतिया विधानसभा सीट से जीत हासिल नहीं कर सकी है। यहां पार्टी को नया एक्सपेरिमेंट करने का खामियाजा भुगतना पड़ा है। इधर गुजरात की मंजलपुर सीट से भाजपा अपना किला बचाने में कामयाब रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *