उत्तराखंड में खाई में गिरी कार, दिल्ली-हरियाणा के 4 लोगों की मौत
नई दिल्ली। उत्तराखंड में बुधवार को मसूरी-देहरादून मार्ग पर एक दुखद सडक़ दुर्घटना में चार पर्यटकों की मौत हो गई। उनकी कार नियंत्रण खो बैठी और कोल्हूखेत के पास लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय पीडि़त उत्तरकाशी से एक मारुति सेलेरियो में लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि खड़ी ढलान वाले हिस्से से गुजरते समय वाहन के ब्रेक फेल हो गए होंगे, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। कार सडक़ से नीचे उतर गई और खाई में गिर गई। पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, वाहन में सवार सभी चार लोगों को मृत पाया गया। मृतकों की पहचान सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश; 19 वर्षीय मनीत; गाजियाबाद के नेहरू नगर निवासी धर्मवीर की पत्नी सविता (48); और दिल्ली के करोल बाग निवासी टीटू की पत्नी संगीता (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। जांच के तहत वाहन की यांत्रिक स्थिति की भी जांच की जाएगी। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर झड़ीपानी के पास हुई दुर्घटना में पर्यटकों की मौत की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































