#Political

हरियाणा में हुए 12 घोटालों की जांच करवाई जाए : मनिंद्र पुनिया

करनाल, अभी अभी। हरियाणा में हुए 12 घोटालों का मुद्दा उठाते हुए इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। युवा इनेलो के करनाल जिला प्रधान मनिंद्र सिंह पुनिया ने विभिन्न मामलों का हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए और इन मामलों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग उठाई। इन घोटालों में धान खरीद में घोटाला, गेहूं व सरसों की खरीद में गड़बड़ी, राइस मिलों द्वारा चावल में किया गया घोटाला, लॉक डाउन में हुआ शराब घोटाला, रजिस्ट्री घोटाला, ट्रांसफर घोटाला, किलोमीटर घोटाला, छात्रवृति घोटाला, फसल बीमा योजना के प्रीमियम में घोटाला, 600 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी, श्रम विभाग घोटाला व डॉ भीमराव अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना घोटाला शामिल हैं। मनिंद्र पुनिया ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और कथित अनियमितताओं से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। जनता के सामने ऐसे मामलों की सच्चाई आना जरूरी है, ताकि सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और लोगों का संस्थानों पर विश्वास बना रहे। इनेलो ने मांग की कि जिन मामलों में घोटालों के आरोप लगाए गए हैं, उनकी जांच तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर करवाई जाए तथा जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में हरियाणा में सबसे ज्यादा घोटाले हुए हैं। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। भाजपा ने हर वर्ग के साथ धोखा करने का काम किया है। हरियाणा को भाजपा ने दोनों हाथों से लूटा है। इनेलो भाजपा की पोल जनता के बीच जाकर खोलेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *