#Political

लोकतंत्र को लठतंत्र से कुचलने का प्रयास कर रही भाजपा : मुकेश चौधरी

करनाल, वरूण गुलाटी। हरियाणा युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मुकेश चौधरी ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेने और छात्रों पर बर्बारतापूर्ण पुलिस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को लठतंत्र से कुचलने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल को अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने का संवैधानिक अधिकार है। केंद्र सरकार के इशारे पर पुलिस द्वारा विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति की आवाज को बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता। सरकार को दमनकारी रवैया छोडक़र जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। यदि छात्र-छात्राएं और विपक्षी दल अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं, तो उनके साथ संवाद स्थापित किया जाना चाहिए, न कि उन पर पुलिस बल का प्रयोग किया जाए। मुकेश चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार देश को बर्बाद करने पर तुली हुई है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मनमानी कर देश को चलाना चाहते हैं, जोकि देश के लिए दुर्भाग्य की बात है। नीट पीपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था, लेकिन वह कुर्सी छोडऩा नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *