#Political

पीएम मोदी की देशवासियों को सलाह अन्यायपूर्ण, सरकार ने विफलता स्वीकारी : पराग गाबा

करनाल, अभी अभी। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल के अध्यक्ष पराग गाबा ने प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों को सोना कम खरीदने, विदेश यात्राएं सीमित करने, पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने, खाने के तेल में कटौती करने तथा घर से काम करने जैसी सलाहों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह किसी मजबूत आर्थिक नीति का संकेत नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की नीतिगत विफलताओं का सार्वजनिक स्वीकार है। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों के शासन के बाद यदि सरकार जनता को यह बताने लगे कि क्या खरीदना है, क्या खाना है और कैसे जीवन जीना है, तो यह स्पष्ट दर्शाता है कि आर्थिक संकट की वास्तविक कीमत आम नागरिक से वसूली जा रही है। पराग गाबा ने कहा कि देश की जनता हमेशा त्याग और बलिदान के लिए तैयार रही है, लेकिन यदि त्याग की बात की जा रही है तो इसकी शुरुआत सत्ता के शीर्ष से होनी चाहिए। पराग गाबा ने कहा कि देश का आम आदमी पहले ही बेरोजगारी, महंगी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी और बढ़ती महंगाई से जूझ रहा है। ऐसे में जनता को अपने सपनों, जरूरतों और जीवन स्तर में कटौती करने की सलाह देना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल पर अत्यधिक करों में राहत दी जाए, खाद्य तेल एवं आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित किया जाए, किसानों को खाद एवं कृषि संसाधनों पर सहायता दी जाए तथा बेरोजगारी और महंगाई पर ठोस एवं पारदर्शी नीति लागू की जाए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *