श्री बालाजी सालासर धाम से करनाल पहुंचे पुजारी नरोत्तम, भक्तों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
करनाल, अभी अभी। श्री सालासर बालाजी धाम राजस्थान के मुख्य पुजारी डॉ. नरोत्तम का करनाल में बालाजी के भक्तों ने भव्य स्वागत किया। भक्तों ने पुजारी पर पुष्प वर्षा की और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। सेक्टर 13 में श्री श्याम सलोना कीर्तन मंडल के सदस्य पंकिल गोयल के निवास पर श्रद्धालु डा. नरोत्तम के दर्शनों के लिए पहुंचे थे। इस दौरान पुजारी को 15 मई को करनाल में होने वाले श्री राधा जागरण का निमंत्रण कार्ड भेंट किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सानिध्य में शुक्रवार शाम को किया जाएगा। समारोह सेक्टर 12 के हुडा मैदान में होगा। इस अवसर पर डा. नरोत्तम ने सालासर बाला जी की कृपा के कई किस्से भक्तों के साथ साझा किए। सालासर बालाजी धाम आने वाले भक्तों के अनुभव बताए। उन्होंने कहा कि बालाजी महाराज की कृपा पूरी मानवता पर बरसती है। हर व्यक्ति को एक बार जरूर बालाजी के दर्शनों के लिए सालासर धाम आना चाहिए। जो लोग अपने परिवारों, मित्रों, सगे संबंधियों के साथ यहां बालाजी महाराज के दर्शनों के लिए आते हैं उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। डा. नरोत्तम ने बालाजी के कृपा पात्र लोगों की सेवा भावना को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर पंकिल गोयल, रामपाल गोयल, विपुल गोयल, मोहन लोधी, अजय सैनी, पीयूष बंसल, सचिन गुप्ता, राजीव जैन, सुरेंद्र कुमार व कविता सैनी मौजूद रहे।















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































