कुसंग से बचाती और मन को शांत रखती है श्रीमद्भागवत कथा : देवी चित्रलेखा

वरूण गुलाटी
करनाल, अभी अभी। श्री खाटू श्याम कीर्तन मंडल की ओर से श्रीमद भागवत कथा उत्सव की शुरूआत सोमवार से हुई। प्रथम दिन श्री खाटू श्याम मंदिर पुरानी अनाजमंडी से कथा स्थल गोल्डन मोमेंट बैंक्वेट हॉल सेक्टर 12 तक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान श्री राम और खाटू श्याम की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। विश्व विख्यात देवी चित्रलेखा जी ने कथा सुनाते हुए कहा कि वर्तमान में श्रीमद्भागवत कथा हमें कुसंग से बचा रही है। हम सभी ऐसे संग में बैठे हैं जहां जो व्यक्ति भी मिलेगा वह भक्ति की बात करेगा। कथा ने हमें गलत संग से बचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जब संग अच्छा होता है तो हमारे जीवन के रंग को बदल देता है। जीवन में सकारात्मक बदलाव आने शुरू हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे मुश्किल काम है अपने मन को समझाना। दूसरे लोगों को बहुत ज्ञान देते हैं, लेकिन खुद के मन को नहीं समझा पाते। श्रीमद्भागवत कथा श्रवण से मन शांत होता है। देवी चित्रलेखा ने कहा कि बदलाव की यात्रा ही कथा की यात्रा है। सभी बदलाव के लिए ही कथा सुनने आते हैं। इससे सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति बदलेगा तो मोहल्ला बदलेगा, मोहल्ला बदलेगा तो शहर बदलेगा और शहर बदलेगा तो देश बदलेगा और फिर धीरे धीरे पूरा विश्व बदलेगा। सृष्टि में सकारात्मक बदलाव आ जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत श्रवण कर जीवन में आत्मसात करें इससे निश्चित ही भला होगा। अंकुर गुप्ता ने बताया कि कथा उत्सव का आयोजन चार अक्तूबर तक किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन सायं तीन से छह बजे तक रखा गया है। चार अक्तूबर की शाम को श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अंकुर गुप्ता, सुमित गुप्ता, रजत गर्ग, नवनीत सिंगला, योगेश सिंगला, नवनीत बंसल, अनमोल मित्तल, सुशील सिंगला, प्रदीप गर्ग, मनीष बंसल, गौरव गर्ग, विकास सिंगला, तरूण बंसल, गगन जिंदल, भाविक बंसल, अनुभव बंसल, आशीष गुप्ता, कर्ण बंसल, सार्थक मित्तल, प्रदीप अग्रवाल, शुभम गुप्ता, प्रणव गुप्ता, आकाश गुप्ता, अक्षत गुप्ता, अमित मित्तल आदि मौजूद रहे।


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































