#Tech news

पुलिस पहरे में होगी नीट परीक्षा, करनाल में 200 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी होंगे तैनात

करनाल, अभी अभी। करनाल जिला में 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने हेतु करनाल पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया के दिशा-निर्देशानुसार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जिले में बनाए गए कुल 8 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 200 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ परीक्षार्थियों को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है तथा पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात थाना प्रभारी को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षार्थियों के वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही करवाई जाए तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। मुख्य मार्गों पर पुलिस की तैनाती सुनिश्चित कर निर्बाध यातायात संचालन को प्राथमिकता दी गई है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। करनाल पुलिस ने सभी परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें। करनाल पुलिस द्वारा आश्वस्त किया गया है कि किसी भी परीक्षार्थी अथवा उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी तथा परीक्षा का आयोजन पूर्णत: शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *