सीबीएसई नेशनल हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा करनाल

आठ से 14 अक्तूबर तक खेले जाएंगे मुकाबले, 27 टीमें चैंपियनशिप का होंगी हिस्सा
करनाल, अभी अभी। सीबीएसई नेशनल हॉकी चैंपियनशिप की मेजबानी इस बार करनाल करेगा। आठ अक्तूबर से 14 अक्तूबर तक यह आयोजन होगा, जिसमें देशभर की 27 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें विदेश जोन से ओमान की टीम भी शामिल रहेगी। सभी मैच हॉकी स्टेडियम कैलाश गांव में खेले जाएंगे। एसपीएस कॉन्वेट स्कूल की देखरेख में यह चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। मंगलवार को प्रेसवार्ता कर स्कूल के प्रिंसिपल नरेश कुमार शर्मा, प्रबंधन कमेटी से अंकित बंसल व सजल बंसल ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आठ अक्तूबर को चैंपिशनशिप का उदघाटन समारोह एसपीएस कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित किया जाएगा। चैंपियनशिप में 27 टीमें शामिल होंगी। 500 से ज्यादा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सभी मैच हॉकी स्टेडियम कैलाश गांव में खेले जाएंगे। मैच सुबह सात बजे शुरू होगा और रात 10 बजे तक अलग-अलग आयु वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल को मिलाकर कुल 57 मैच खेले जाएंगे। सभी खिलाडिय़ों के रहने की व्यवस्था स्कूल परिसर में की गई है। बुधवार से खिलाड़ी करनाल पहुंचना शुरू हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि मैच देखने को लिए खेल प्रेमी स्टेडियम पहुंच सकते हैं। करनाल में इस तरह का बड़ा खेल आयोजन संभवत: पहली बार होने जा रहा है। खिलाडिय़ों के लिए भोजन की व्यवस्था सीबीएसई की ओर से निर्धारित मैन्यु के आधार पर रहेगी। मैचों के लिए अधिकारियों की नियुक्तियां कर दी गई हैं। मैच रैफरी और अंपायर हरियाणा के अलग-अलग जिलों से नियुक्त किए गए हैं। करनाल जिला खेल विभाग का चैंपियनशिप के आयोजन में विशेष सहयोग रहेगा। इस अवसर पर अंकित बंसल, सजल बंसल, कुंज बंसल व हवि अत्रिश आदि मौजूद रहे।




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































