भाजपा राज में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी : एडवोकेट प्रवीण
ABHI ABHI BREAKING : यूथ जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव एडवोकेट प्रवीण ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर रोक लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से पेट्रोलियम उत्पादों, खाद्य वस्तुओं और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। हाल के दिनों में रुपये पर दबाव और महंगाई बढऩे की आशंकाओं को लेकर आर्थिक विशेषज्ञ भी चिंता जता रहे हैं। एडवोकेट प्रवीण ने कहा कि रसोई गैस, खाद्य तेल, दालें, सब्जियां और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। मजदूर, किसान, कर्मचारी और मध्यम वर्गीय परिवार बढ़ते खर्चों से परेशान हैं, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार से आम लोगों का जीवन और कठिन हो जाएगा। पूर्व जिला महासचिव प्रवीण ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, पेट्रोल-डीजल पर करों में राहत दी जाए तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी नीति बनाई जाए।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































