करनाल से रवाना हुए पंडित प्रदीप मिश्रा, अग्रसेन भवन में किया गया जोरदार अभिनंदन
करनाल, अभी अभी। शिव महापुराण कथा सुनाने के लिए विश्व विख्यात पंडित प्रदीप मिश्रा शनिवार को करनाल से रवाना हो गए। घरौंडा की नई अनाजमंडी में आयोजित किए गए महा आयोजन का समापन हो गया। सात दिन चले कथा उत्सव में देश के कोने-कोने सहित विदेशों से भी लोग कथा श्रवण करने के लिए पहुंचे। इस उत्सव के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा अग्रसेन भवन सेक्टर आठ करनाल में रहे। विदाई के समय अग्रसेन भवन के संरक्षक शम्मी बंसल, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण व विधायक जगमोहन आनंद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने भवन के विजिटर रजिस्टर पर हस्ताक्षर किए। कथा उत्सव के दौरान पंकिल गोयल अपनी धर्मपत्नी नेहा गोयल के साथ शिव पार्वती के रूप में नजर आए। अग्रसेन भवन के पदाधिकारियों ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में बिताया समय हमेशा याद रहेगा। यह करनालवासियों के लिए गौरव के पल रहे। पंडित प्रदीप मिश्रा ने करनाल से रवाना होने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं और कार्यक्रम में सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा अपरंपार है। भगवान शिव की कृपा से ही इतने बड़े आयोजन सफल हो पाते हैं। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण कथा व्यक्ति के जीवन को सार्थक बना देती है। कथा श्रवण के बाद इसके तथ्यों पर अमल जरूर करें। एक लोटा जल हर समस्या का हल है। इस मौके पर पंकिल गोयल ने शिव महापुराण कथा सुनने पहुंचे देश के लाखों श्रद्धालुओं का आभार प्रकट किया। साथ ही कामना की कि भगवान शिव की कृपा इसी तरह सभी बरसती रहे। इस अवसर पर श्री श्याम सलोना कीर्तन मंडल की ओर से पंकिल गोयल, अग्रकुल सेवा संस्था के प्रधान विनोद गुप्ता, जगमाल गुप्ता, पीके जैन, बृजलाल गर्ग, प्रदीप बंसल, आरएल बंसल व मेघा भंडारी आदि मौजूद रहे।

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































