करनाल में देवी चित्रलेखा सुनाएंगी श्रीमद् भागवत कथा! नोट कर ले ये तारीखें

करनाल, अभी अभी। श्री खाटू श्याम कीर्तन मंडल करनाल की ओर से श्रीमद् भागवत कथा एवं श्री श्याम संकीर्तन उत्सव हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। 28 सितंबर से चार अक्तूबर तक गोल्डन मोमेंट बैँक्वेट हॉल सेक्टर 12 में यह भव्य आयोजन होगा। शनिवार को मंडल के सदस्यों ने प्रेसवार्ता कर विस्तार से उत्सव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्व विख्यात देवी चित्रलेखा जी अपने मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा सुनाएंगी। 28 सितंबर से तीन अक्तूबर तक सायं तीन से छह बजे तक कथा कार्यक्रम होगा। प्रतिदिन कथा के बाद भंडारा लगाकर प्रसाद वितरण किया जाएगा। चार अक्तूबर को सुबह कथा का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन रात को श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन होगा। दिल्ली से शीतल पांडेय, सोनीपत से भगवान दीक्षित और वृंदावन से पूर्णिमा जी श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे। अंकुर गुप्ता ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान, भक्ति और संस्कारों से जोडऩा है। साथ ही श्री श्याम संकीर्तन के माध्यम से बाबा खाटू श्याम की महिमा का गुणगान करते हुए भक्तिमय वातावरण का निर्माण किया जाएगा। मंडल के सदस्यों ने बताया कि श्री श्याम संकीर्तन में बाबा के भक्तों को एक साथ भक्ति और श्रद्धा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान श्याम बाबा के भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर संकीर्तन करेंगे। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए मंडल के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। प्रेसवार्ता के दौरान मंडल के सदस्यों ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करें और श्री श्याम संकीर्तन में शामिल होकर बाबा खाटू श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें। इस अवसर पर अंकुर गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल, गगन जिंदल, आकाश गुप्ता, अक्षत गुप्ता, निखिल गुप्ता, विपिन गर्ग, गौरव गर्ग, रजत गर्ग, मनीष बंसल, अमित मित्तल, सचिन बंसल, पवन सिंगला, आशीष गुप्ता, सुमित गुप्ता, कर्ण बंसल, सार्थक मित्तल, प्रणव गुप्ता, नीतिश गोयल, हरीश गोयल, अतुल जैन, भाविक बंसल व अनुभव बंसल मौजूद रहे
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































