राजस्थान में चारे की कमी, करनाल की संस्था ने की ये अपील!
वरूण गुलाटी
करनाल, अभी अभी। भीषण गर्मी के चलते राजस्थान के कई जिलों में गायों को खिलाए जाने वाले चारे की कमी हो गई है। पश्चिमी राजस्थान चारे की कमी से सबसे अधिक प्रभावित जिलों में जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, और जालौर शामिल हैं। इसके अलावा नागौर, चूरू, और सीकर जैसे जिलों में भी हरे और सूखे चारे की मांग के मुकाबले उपलब्धता काफी कम रहती है। इस बीच करनाल की धार्मिक संस्था श्री श्याम सलोना कीर्तन मंडल ने करनाल के लोगों से अपील की है कि राजस्थान जाते समय कम से कम 50 किलो चारा जरूर लेकर जाएं। गऊ माता को चारा खिलाकर पुण्य के भागी बनें। मंडल के सदस्य पंकिल गोयल ने कहा कि करनाल से बड़ी संख्या में लोग श्री बाला जी धाम सालासर और श्री खाटू श्याम धाम सीकर में दर्शनों के लिए निरंतर आते जाते हैं। ऐसे में दायित्व बन जाता है कि जहां गऊ माता के लिए चारे की कमी है वहां ज्यादा से ज्यादा चारा पहुंचाया जाए। श्री श्याम सलोना कीर्तन मंडल की ओर से राजस्थान चारा भेजने के लिए विशेष योजना पर काम किया जा रहा है।





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































