एचपीएससी भर्ती सिस्टम का विरोध कर रहे युवाओं को सडक़ों पर घसीटना निंदनीय : मुकेश चौधरी
करनाल, अभी अभी। हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस ने पंचकूला में एचपीएससी भर्ती सिस्टम के विरोध में प्रदर्शन कर रहे युवाओं को पुलिस द्वारा सडक़ों पर घसीटने की कड़े शब्दों में निंदा की है। यूथ कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रदेश वाइस चेयरमैन मुकेश चौधरी ने कहा कि एक तरफ सरकार युवाओं को नौकरी से वंचित रखने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रही है और दूसरी ओर युवाओं पर पुलिसिया हमले करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस पहले ही इस मुद्दे को उठा चुकी है कि एचपीएससी का चेयरमैन दूसरे राज्य का होने के कारण हरियाणा के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। यह चेयरमैन अपने राज्य के युवाओं को भर्ती कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार बिहार के चेयरमैन आलोक वर्मा को युवाओं पर थोप रही है। जिस कारण यूपी-बिहार के लोगों को यहां पर नौकरियां दी जा रही हैं। ग्रुप ए एवं बी की भर्तियों में 35 प्रतिशत क्राइटेरिया रखना भी गलत है। मुकेश चौधरी ने कहा कि एचपीएससी की ग्रुप-ए और ग्रुप-बी (राजपत्रित) भर्तियों में हरियाणा के मूल निवासियों को छोडक़र दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को 90 प्रतिशत तक नौकरियां दी जा रही हैं। मुकेश चौधरी ने बताया कि 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्य तिथि के अवसर पर हरियाणा युवा कांग्रेस की ओर से प्रदेश के सभी जिलों में सेवा कार्य किए जाएंगे। करनाल के मंगलसेन सभागार में रक्तदान शिविर सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक लगाया जाएगा।




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































