गंगा मैया के जयकारों से गूंजी कर्ण नगरी, श्री सावन जोत सभा ने निकाली शोभायात्रा

व्यापारियों, दुकदानदारों ने किया शोभायात्रा का जोरदार स्वागत
करनाल, अभी अभी। श्री सावन जोत सभा की ओर से 28वां सावन जोत महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। शनिवार को श्री सनातन धर्म मंदिर कुंजपुरा रोड से विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर में विधिवत पूजन के बाद पावन जोत प्रणामी मंदिर के महाराज श्री जगतराज जी द्वारा प्रज्जवलित की गई। पालकी में जोत को विराजमान किया गया। ढोल नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल रहे। देवी देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। हर हर गंगे और हर हर महादेव के जोरदार जयकारे लगाए गए। जगह-जगह शोभायात्रा का दुकानदारों और राहगीरों की ओर फूल बरसा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और श्री सेवा समिति आश्रम अर्जुन गेट में विश्राम लिया गया। यहां भंडारे में प्रसाद वितरण किया गया। इसके बाद एक शाम भोले के नाम भजन संध्या आयोजित की गई। इस मौके पर श्री सावन जोत सभा के प्रधान किशोर नागपाल ने बताया कि पिछले 28 वर्षों से श्री सावन जोत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस महोत्सव की शुरूआत 116 साल पहले अखंड भारत के मुलतान से की गई थी। भगत स्वर्गीय रूप चंद ने यह परंपरा शुरू की थी। अब हर साल करनाल और हरिद्वार में श्री सावन जोत सभा महोत्सव मनाती है। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना है।

हरिद्वार में की जाएगी जोत प्रवाहित
प्रधान किशोर नागपाल ने बताया कि 23 अगस्त को हरिद्वार में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा श्री जगदीश स्वरूप आश्रम भुपत वाला से शाम छहे बजे शुरू होगी। हर की पौड़ी गंगा जी में जोत प्रवाहित की जाएगी। स्वामी अनंतानंद महाराज जी के सानिध्य में शोभायात्रा निकाली जाएगी। मुख्य अतिथि के रूप में ऋषिकेश विधायक प्रेम चंद अग्रवाल शिरकत करेंगे। वह शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। करनाल से हजारों लोग हर वर्ष इस शोभायात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ उठाते हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर श्री सावन ज्योत सभा करनाल के प्रधान किशोर नागपाल, चेयरमैन कैलाश सचदेवा, सचिव जितेंद्र कटारिया, सचिव गुलशन छाबड़ा, गुरशरण चौधरी, श्याम छाबड़ा, अजय दीवान, लव सेतिया, भास्कर रहेजा, रामा मदान व विनोद चौधरी आदि मौजूद रहे।



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































