भारत-अमेरिका ट्रेड डील की सभी शर्तें सार्वजनिक की जाएं : बहादुर मैहला
करनाल, अभी अभी। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर भारत आने वाले अमेरिकी डेलिगेशन का भारतीय किसान यूनियन सर छोटू राम ने विरोध जताया है। यूनियन के प्रवक्ता बहादुर मैहला बलड़ी ने कहा कि किसी भी प्रकार की कृषि व्यापार संधि में किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि सरकार ने किसानों के हितों की अनदेखी करते हुए कोई समझौता किया तो इसका सीधा नुकसान देश के करोड़ों किसानों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका लगातार भारतीय कृषि बाजार को अपने कृषि उत्पादों के लिए खोलने का दबाव बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान पहले ही बढ़ती लागत, प्राकृतिक आपदाओं और फसलों के उचित मूल्य न मिलने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में विदेशी कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने वाली कोई भी नीति किसानों की आर्थिक स्थिति को और कमजोर कर सकती है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों के खिलाफ कोई निर्णय लिया गया तो संगठन देशभर में आंदोलन चलाने को मजबूर होगा। बहादुर मैहला ने मांगों का जिक्र करते हुए कहा कि कृषि, डेयरी और पोल्ट्री क्षेत्रों को ट्रेड डील से बाहर रखा जाए। किसानों के हितों की सुरक्षा के बिना कोई समझौता न किया जाए। ट्रेड डील की सारी शर्तें सार्वजनिक की जाएं और सभी हितधारकों से चर्चा की जाए। भारत सरकार विदेशी दबाव में आकर किसानों और देश के हितों के साथ समझौता न करे।









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































