#Protest

गन्ने के भाव बढ़ाने के लिए सीएम आवास का घेराव करेंगे किसान : बहादुर मैहला

वरूण गुलाटी
करनाल, अभी अभी। गन्ने के भाव बढ़ाने की मांग को लेकर हरियाणा के किसान संगठनों ने सीएम आवास के घेराव की तैयारी कर ली है। हरियाणा के किसानों के नवगठित हरियाणा साझा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले दो दिसंबर को प्रदेशभर से हजारों किसान कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री से जवाब मांगा जाएगा कि क्यों भाजपा सरकार किसानों का शोषण करने का काम कर रही है। भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम के प्रवक्ता बहादुर मैहला बलड़ी ने कहा कि करनाल जिले से भी हजारों किसान कुरुक्षेत्र पहुंचकर आंदोलन में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि किसान संगठन लंबे समय से गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग उठा रहे हैं। इस मांग को लेकर दोनों किसान संगठनों की ओर से लगातार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इससे पहले प्रदेश की सभी शुगर मिलों के बाहर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे थे। इन ज्ञापनों के माध्यम से सरकार से गन्ने का उचित भाव घोषित करने की मांग की गई थी। साथ ही किसान संगठनों ने सरकार को दो दिसंबर तक का अल्टीमेटम दिया था कि यदि निर्धारित समय तक गन्ने के रेट में बढ़ोतरी नहीं की गई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बहादुर मैहला ने कहा कि सरकार की ओर से अब तक इस मांग पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सरकार की चुप्पी के चलते किसानों को मजबूरन मुख्यमंत्री आवास के घेराव का फैसला लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि लगातार महंगाई बढ़ रही है और बाजार में चीनी के दाम भी काफी ऊंचे हैं। उनके अनुसार चीनी का बाजार भाव करीब 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इसके अलावा गन्ने से केवल चीनी ही नहीं, बल्कि एथेनॉल, शीरा, अल्कोहल और शराब सहित कई अन्य उत्पाद भी तैयार किए जाते हैं। इन उत्पादों का बाजार मूल्य भी काफी अधिक है। ऐसे में गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी मेहनत और फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *