#Social

करनाल पुलिस कप्तान अचानक पहुंचे थाने और फिर…

करनाल, अभी अभी। करनाल पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने सर्दी के मौसम में धुंध के कारण सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए थाना हाइवे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाईवे पर यातायात व्यवस्था, सडक़ सुरक्षा प्रबंधों एवं पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएसपी मुख्यालय संदीप सिंह, थाना हाइवे प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल, सिटी ट्रैफिक इंचार्ज निरीक्षक सुखदेव सिंह, चालानिंग ब्रांच इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक सुमिता सिंह, सीसीटीवी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हाईवे पर अवैध कटों को बंद करवाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईवे पर बने अवैध कटों को चिह्नित करवाकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उन्हें बंद करवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अवैध कट बनाने या यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। हाईवे पर अनाधिकृत पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
धुंध के मौसम में सडक़ सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता
एसपी करन गोयल ने कहा कि सर्दी के मौसम में धुंध के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सडक़ दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए हाईवे पर रात्रि एवं सुबह के समय विशेष सतर्कता बरती जाए। वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने, फॉग लाइट एवं इंडिकेटर का उचित प्रयोग करने तथा लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सडक़ पर खड़े खराब वाहनों एवं अन्य बाधाओं के कारण दुर्घटना न हो, इसके लिए आवश्यक चेतावनी संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाने के संबंध में संबंधित विभागों से समन्वय किया जाए। हाईवे पर दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए।
रात्रि गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने हाईवे पर रात्रि गश्त एवं नाकाबंदी को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी लगातार बनी रहनी चाहिए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों एवं यातायात व्यवस्था पर निगरानी रखी जाए। सडक़ दुर्घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाए। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर एवं कार्यालय का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई, सरकारी रिकॉर्ड के उचित रखरखाव तथा पुलिस कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सडक़ सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों की पालना करके और सावधानीपूर्वक वाहन चलाकर अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। करनाल पुलिस सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *