#Political

नितिन नबीन का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा, संगठन पर रहेगा फोकस

ABHI ABHI BREAKING : भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नबीन 28 मई से उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठन से जुड़ी कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे और वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। यह दौरा 28 मई से 30 मई तक चलेगा, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर विशेष फोकस रहेगा। नितिन नबीन 28 मई को शाम लगभग 4:35 बजे देहरादून स्थित जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे राज्य भाजपा कार्यालय जाएंगे, जहां शाम 6:15 बजे कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके बाद वे पार्टी के मंत्रियों के साथ अलग से संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत उनकी मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात के साथ होगी। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूरी के आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह के सत्र में निर्धारित है।

इसके बाद वे राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान सांसदों और विधायकों के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही राज्य पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महासचिवों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठन की मौजूदा स्थिति और आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श होगा। दिन के दौरान नितिन नबीन स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों जैसे महापौर, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों से भी संवाद करेंगे। इसके अलावा वे पार्टी के मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और प्रवक्ताओं के साथ बैठक कर संचार रणनीति की समीक्षा करेंगे।

 

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *