महंगाई, पेपर लीक और भर्ती घोटाले के विरोध में करनाल ग्रामीण कांग्रेस का प्रदर्शन
करनाल, अभी अभी। हरियाणा प्रदेश कांगे्रस कमेटी के आह्वान पर करनाल ग्रामीण कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, नीट पेपर लीक व एचपीएससी भर्ती घोटालों के विरोध में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला ग्रामीण प्रधान राजेश वैध की अगुवाई में पार्षद पप्पू लाठर के फूसगढ़ स्थित कार्यालय में इक्टठा हुए। प्रदेश कांग्र्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता विशेष रूप से प्रदर्शन में शामिल हुए। पैदल मार्च निकालते हुए कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए। इस मौके पर सुरेश गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई। बढ़ती महंगाई पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। नीट पेपर लीक कर लाखों युवाओं का डॉक्टर बनने का सपना तोड़ दिया गया। हरियाणा में एचपीएससी भर्ती घोटाला प्रदेश के युवाओं के खिलाफ बहुत बड़ी साजिश है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी के दामों में बढ़ोतरी निरंतर की जा रही है। प्रधानमंत्री देशवासियों को पेट्रोल डीजल की खपत करने की सलाह देकर पांच देशों की यात्रा पर चले गए। देश में आर्थिक हालात बिगड़ते जा रहे हैं, लेकिन पीएम के पास हालातों को सुधारने के लिए कोई योजना नहीं है। जिला ग्रामीण प्रधान राजेश वैध ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अमेरिका ईरान युद्ध के समय देश की जनता से वादा किया था कि पेट्रोल डीजल एलपीजी के दाम नहीं बढ़ाएंगे। देश में इनकी कोई कमी नहीं है। मौका मिलते ही मोदी सरकार ने तीनों के दाम बढ़ा दिए। अब तो पीएम देश के लोगों को इनकी खपत कम करने और सोना न खरीदने की सलाह दे रहे हैं। देश में आर्थिक तूफान शुरू हो गया है, जो जल्द ही देश को बर्बाद कर देगा। इस अवसर पर पप्पू लाठर, कृष्ण शर्मा बसताड़ा, अनिल शर्मा, राजिंद्र नंबरदार, एनपी सिंह चौहान, कर्म सिंह, रजत लाठर, जसबीर पन्नु, संजीव कांबोज, तेजी मान व शेर प्रताप शेरी आदि मौजूद रहे।




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































