बीकाजी फूड्स के MD शिव रतन अग्रवाल का निधन
नई दिल्ली, अभी अभी। बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर शिव रतन अग्रवाल का गुरुवार को चेन्नई में 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। आपको बता दें कि वे अपनी पत्नी की सर्जरी के सिलसिले में परिवार के साथ चेन्नई आए हुए थे, जहां होटल में ठहरने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके आकस्मिक निधन की खबर से व्यापार जगत में शोक की लहर है। शिव रतन अग्रवाल का नाता मशहूर हल्दीराम परिवार से था। उनके दादा गंगा बिशन अग्रवाल ने हल्दीराम की नींव रखी थी। हालांकि, शिव रतन ने अपनी अलग राह चुनी। उन्होंने 1986 में शिवदीप प्रोडक्ट्स की शुरुआत की, जिसका नाम बाद में 1993 में बदलकर बीकाजी कर दिया गया। ये नाम बीकानेर के संस्थापक राव बीका से प्रेरित था। उन्होंने ब्रांड को एक ऐसी पहचान दी जिसे आज घर-घर में जाना जाता है। शिक्षा के मामले में शिव रतन अग्रवाल भले ही सिर्फ 8वीं पास थे, लेकिन उनकी दूरदर्शिता कमाल की थी। उस दौर में भुजिया सिर्फ हाथों से बनाई जाती थी। अग्रवाल ने विदेशों की यात्रा की और भुजिया बनाने के लिए मशीनी तकनीक विकसित की। बीकाजी देश का पहला ब्रांड बना जिसने मशीन-मेड भुजिया बाजार में उतारी। इससे न सिर्फ उत्पादन बढ़ा, बल्कि गुणवत्ता में भी सुधार हुआ, जिससे बीकाजी एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बन गया।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































