पीएम मोदी ने पहलगाम पीडि़तों को दी श्रद्धांजलि, बोले आतंकवाद के आगे कभी नहीं झुकेगा भारत
Pahalgam : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर बुधवार को कहा कि भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवादियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले साल आज ही के दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकांश पर्यटक थे। पीएम मोदी ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, “पिछले साल इसी दिन हुए भीषण पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा।” प्रधानमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं, जो इस क्षति को सहने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “एक राष्ट्र के रूप में हम शोक और संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा। आतंकियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे।”






































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































