#Social

करनाल में 14616 कैंडिडेट देंगे एचसीएस परीक्षा, 48 सेंटर बनाए गए

करनाल, अभी अभी। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने 26 अप्रैल को करनाल में आयोजित होने वाली एचसीएस परीक्षा के संदर्भ में अधिकारियों की बैठक ली और ड्यूटी मजिस्ट्रेट, फ्लाइंग स्क्वायड और सेंटर सुपरिटेंडेंट को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा को सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करवाना हम सबकी ज्यादा जिम्मेदारी है, लापरवाही ना बरतें। उपायुक्त मंगलवार को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में एचसीएस परीक्षा को लेकर जिला अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थ। उन्होंने कहा कि हरियाणा सिविल सर्विसेज परीक्षा प्रदेश की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक है। इसे हरियाणा लोक सेवा आयोग आयोजित कर रहा है। इस परीक्षा के लिए करनाल में 48 सेंटर बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर सुबह 10 बजे से 12 बजे और 3 बजे से 5 बजे की दो शिफ्ट में परीक्षा होगी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8.30 बजे से 9.50 बजे तक कैंडिडेट एंट्री कर सकते हैं जबकि दूसरी शिफ्ट में 1.30 बजे से 2.50 बजे तक एंट्री होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी तरीके से आयोजित करवाना हम सभी का अहम लक्ष्य है। सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्य का वहन करना है, कोई लापरवाही न बरतें। परीक्षा के नोडल अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. राहुल रईया को बनाया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की दृष्टिगत पुलिस विभाग के जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है, उनकी सूची ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सुपरवाइजर व सेंटर सुपरिटेंडेंट के साथ साझा की जाए। इसके अलावा परीक्षा के दिन ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रूप से रखा जाए ताकि ट्रैफिक जाम की वजह से कोई भी बच्चा परीक्षा देने से वंचित न रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ट्रेजरी से लेकर परीक्षा केंद्र तक पेपरों को लेकर जाने और वापिस लाने के समय पुलिस कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने कोचिंग सेंटर संचालकों को भी हिदायत दी कि एचसीएस की परीक्षा के दौरान वे कोई ऐसी गतिविधि संचालित ना करें जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठें। अगर कहीं ऐसा नजर आया तो संबंधित के खिलाफ तुरंत प्रभाव से एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उन्होंने जीएम रोडवेज को भी निर्देश दिए कि वे दूसरे जिलों में परीक्षा देने के लिए जाने वाले जिला के परीक्षार्थियों के लिए भी पर्याप्त मात्रा में बस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और उन्हें समय पर रवाना करवाएं। इसके अलावा लोकल स्तर पर भी परीक्षार्थियों के लिए बसों की व्यवस्था रखें। इस मौके पर नगराधीश मोनिका शर्मा व जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा सहित परीक्षा से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *