पांच विधायकों की सस्पेंशन पर बोले पूर्व सीएम हुड्डा : जिन विधायकों ने जनता को धोखा दिया, उन्हें मिली सजा
करनाल, अभी अभी। बीजेपी सरकार अन्नदाता के साथ अपराधियों जैसा बर्ताव कर रही है। क्योंकि जो भी किसान मंडी में अपना अनाज लेकर पहुंचता है, उसकी अनगिनत तरीके से जांच पड़ताल की जाती है। पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की शर्त थोपी गई और फिर गेट पास, उसके बाद बायोमेट्रिक, ट्रेक्टर नंबर, वेरिफिकेशन और गारंटर जैसी अनगिनत शर्तें किसानों पर थोप दी गईं हैं। यही वजह है कि मंडी में फसल की आवक जोरों पर है, लेकिन खरीद ना के बराबर हो रही है। ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। हुड्डा करनाल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे रहे थे। वो यहां वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह मान के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। उन्होंने मान परिवार से मुलाकात की और उसे ढांढ़स बंधाया।
इसके बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेशभर की मंडियों में अन्न और अन्नदाता की लगातार दुर्गति हो रही है। हालत ये है कि ना पोर्टल चल रहा हैं, ना गेटपास बन रहे हैं, ना बोली हो रही है, ना खरीद, ना उठान और ना ही पेमेंट। क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने हाईकमान के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधि करने वाले विधायकों को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। क्योंकि उन्होंने सिर्फ कांग्रेस के साथ नहीं, बल्कि उस जनता के साथ भी धोखा किया है, जिसने उन्हें बीजेपी के खिलाफ जितवाकर विधानसभा भेजा था। साथ ही हुड्डा ने कहा कि 4 कांग्रेस विधायकों के वोट साजिश के तहत कैंसिल किए गए। इसके खिलाफ पार्टी चुनाव आयोग के साथ कोर्ट में भी जा रही है। महिला आरक्षण को लेकर हुड्डा ने कहा कि इसे 2024 चुनाव में ही लागू कर देना चाहिए था, लेकिन बीजेपी जानबूझकर इसे टाल रही है।
प्रदेश लगातार हो रही वारदातों पर टिप्पणी करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। यहां अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और हरियाणा देश में सबसे असुरक्षित प्रदेश बन चुका है। खुद केंद्र सरकार द्वारा जारी रिपोर्ट बताती है कि प्रदेश में बीजेपी ने कानून व्यवस्था का दिवाला पीट के रख दिया है।

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































