#Political

करनाल नगर निगम ने लोकार्पित की रोड स्वैपिंग मशीन व 150 रिक्शा रेहड़ियां

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का मिला आशीर्वाद, निगम परिसर में संवाद कर किया उत्साहवर्धन

करनाल, अभी अभी। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहले की गईं। इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने बतौर मुख्य अतिथि 76 लाख रुपए की लागत से खरीदी एक बड़ी रोड स्वैपिंग मशीन, 96 लाख रुपए की लागत से खरीदी दो छोटी रोड स्वैपिंग मशीन व 36 लाख रुपए की लागत से खरीदी रिक्शा रेहड़ियां को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उन्होंने निगम परिसर में संवाद करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर नगर निगम सीमा क्षेत्र में कुल 72 लाख रुपए की लागत से निर्मित किए गए पांच आकांक्षी शौचालयों एवं वार्ड नंबर 10 सेक्टर 13 में गुलमोहर पार्क के नवीनीकरण की भी विधिवत घोषणा की गई।  इस अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि करनाल नगर निगम स्वच्छता एवं सर्वांगीण विकास की दिशा में लगातार अभूतपूर्व कार्य कर रहा है। सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों के सक्रिय सहयोग और सहभागिता से ही यह आदर्श परिकल्पना साकार रूप ले सकी है।
कार्यक्रम में विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि नागरिक सहभागिता से ही नगर निगम प्रशासन पूरी ईमानदारी और सजगता के साथ कार्य कर पा रहा है। सभी जनप्रतिनिधियों को यह सिलसिला कायम रखते हुए शहर के सर्वांगीण विकास में हर संभव योगदान करना चाहिए। मेयर रेणु बाला गुप्ता ने संबोधन के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी पर बल दिया। उन्होंने कहा कि करनाल को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। इसी सोच के साथ स्वच्छता और विकास की प्रक्रिया को एक साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के आशीर्वाद से नगर निगम ने पहले भी उपलब्धियों के नए आयाम स्थापित किए हैं। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से यह क्रम इसी प्रकार बना रहेगा।
उन्होंने बताया कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एन.जी.टी.) के दिशा-निर्देशों के तहत 76 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई बड़ी रोड स्वीपिंग मशीन से मुख्य मार्गों की सफाई व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाया जाएगा। इसके साथ ही 96 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई दो छोटी रोड स्वीपिंग मशीन संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सफाई कार्य को और प्रभावी बनाएगी। इसके साथ ही 36 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई 150 रिक्शा-रेहडियां डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को मजबूती देंगी। नगर निगम क्षेत्र में 72 लाख रुपये की लागत से मेरठ चौक, कर्ण कैनाल, मीरा घाटी, काछवा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे और पश्चिम नहर के किनारे आकांक्षी शौचालय बनाए गए हैं, जिनमें पुरुष, महिला और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त, वार्ड नंबर-10 सेक्टर-13 स्थित गुलमोहर पार्क का नवीनीकरण कर उसे वेस्ट-टू-वंडर पार्क के रूप में विकसित किया गया है, जहां कचरे से आकर्षक संरचनाएं, सेल्फी प्वाइंट और पर्यावरणीय सौंदर्यीकरण किया गया है। यह कार्य सीएसआर फंड के अंतर्गत किया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और करनाल को स्वच्छता के क्षेत्र में देश का अग्रणी शहर बनाने में सहयोग दें।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि कविंद्र राणा, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, निगम आयुक्त डा. वैशाली शर्मा, एएमसी अशोक कुमार, डीएमसी विनोद नेहरा सहित सभी वार्डों के पार्षद, प्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने हेतु पूरे शहर को 49 बीट्स में विभाजित किया गया है। इन बीट्स में कार्यरत सुपरवाइजर्स के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए मेरी बीट मेरी पहचान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मार्च माह के विजेताओं की घोषणा करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इनमें सुरेंद्र कुमार, विजय राणा, संजय और रमेश शामिल रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *