इंद्री में नष्ट हुई फसलों की गिरदावरी करवाकर मुआवजा दे सरकार : बहादुर मैहला
करनाल, अभी अभी। भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम ने करनाल में बरसात और ओलावृष्टि से खराब हुई फसल का मुआवजा देने की मांग सरकार से की है। यूनियन के प्रवक्ता बहादुर मैहला बलड़ी ने कहा कि गत रोज इंद्री में हुई तेज बरसात व ओले गिरने से हजारों एकड़ गेहूं, सरसों सब्जियां और अन्य फसलों में भारी नुकसान हुआ है। इंद्री और आसपास के इलाकों में यह प्राकृतिक आपदा आई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार से मांग है तुरंत विशेष गिरदावरी करवा कर 70 से 80 हजार रुपए प्रति एकड़ किसानों को मुआवजा दिया जाए। बहुत से खेतों में तो फसले पूरी नष्ट हो चुकी है। अगर सरकार ने उचित मुआवजा नहीं दिया तो किसान बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडियों की गेहंू की सुचारू रूप से खरीद की जाए। नमी के बहाने बनाकर किसानों को परेशान करना बंद किया जाए। अगर सरकार ने समय पर खरीद शुरू की होती तो किसानों को यह नुकसान न होता।








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































