सरसो की खरीद तुरंत शुरू करे हरियाणा सरकार : बहादुर मैहला
करनाल, अभी अभी। भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम ने हरियाणा सरकार द्वारा सरसो की खरीद 28 मार्च से शुरू किए जाने के फैसले का विरोध किया है। साथ ही मांग की है कि सरसो की सरकारी खरीद सात मार्च से शुरू की जाए। अन्य रबी फसलों की खरीद 20 मार्च से की जाए। तीन दिन पहले हरियाणा के मुख्य सचिव द्वारा ने फसलें खरीदने की तारीखें घोषित की थीं। यूनियन के प्रवक्ता बहादुर मैहला बलड़ी ने कहा कि यूनियन ने सरकार को एक पत्र लिखकर यह मांग की है। उन्होंने कहा कि सरसों की फसल पूरी तरह पक मंडियों में आ चुकी है, लेकिन सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई। यह किसानों के साथ धोखा है और उन्हें लूटने का प्लॉन है। खरीद में देरी से किसानों को भारी नुकसान पहुंचेगा। प्राइवेट व्यापारी फायदा उठाकर किसानों की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे खरीद कर मोटा मुनाफा कमा लेंगे। बहादुर मैहला ने कहा कि यूनियन ने पहले ही मांग की थी सरसों की सरकारी खरीद दो मार्च से शुरू की जाए लेकिन सरकार ने बात नहीं मानी। सरकार किसानों की बजाय व्यापारियों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सरसो पर एमएसपी 6200 रुपए तक की है। हरियाणा की मंडियों में व्यापारी पांच हजार रुपए से 5200 रुपए तक खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार कहती है कि गेहूं और धान के अलावा किसान अन्य फसलों के उत्पादन पर भी ध्यान दें। जब किसान अपनी फसल मंडी में लेकर आता है तो उसे आर्थिक नुकसान पहुंचाते हुए औने पौने दामों में खरीदारी की जाती है।
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































