रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर सरकार ने चलाया महंगाई का चाबुक : सुरेश गुप्ता
करनाल, अभी अभी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दाम 60 रुपए बढ़ाकर सरकार ने आम जनता की जेब पर डाका डालने का काम किया है। सरकार ने महंगाई का चाबुक चलाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दावा किया था कि पेट्रोल और गैस सिलेंडर के दाम नहीं बढ़ाए जाएंगे। मंत्री का दावा झूठा निकला और देश की जनता को एक बार फिर महंगाई की मार झेलनी पड़ी है। सुरेश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अमेरिका के सामने झुकाने का काम किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति के आगे पीएम मोदी नतमस्तक हो गए हैं। पीएम को देश की जनता की परवाह नहीं रही। उन्होंने करनाल में पुलिस और डॉक्टरों के बीच चल रहे विवाद को जल्द सुलझाने की मांग भी की। सुरेश गुप्ता ने कहा कि करनाल जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। इतना बड़ा मामला होने के बावजूद सरकार की ओर से मामले को हल करवाने के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे। सरकार करनाल की जनता के साथ धोखा कर रही है। अस्पताल में हड़ताल होना मानवता के खिलाफ है।
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































