श्री कृष्ण गऊशाला में हर्षोल्लास से मनाई गोपाष्टमी, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा पहुंचे

करनाल, अभी अभी। श्री कृष्ण गऊशाला में गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शिरकत की। गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने विशेष रूप से आर्शीवचन दिए। मंच संचालन गऊशाला के महासचिव राम कुमार गुप्ता ने किया। संपूर्ण कार्यक्रम प्रधान सुनील गुप्ता की देखरेख में हुआ। अतिथिगणों ने विधिवत रूप से गायों का पूजन किया और गऊसेवा के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
गऊवंश के संरक्षण के लिए सामुहिक प्रयास जरूरी : श्याम सिंह राणा
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने श्री कृष्ण गऊशाला को 21 लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा रही। उन्होंने गौशाला के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गऊसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि समाज और मानवता के प्रति समर्पण का भी प्रतीक है। गऊशालाएं बेसहारा और जरूरतमंद गोवंश को संरक्षण देने के साथ-साथ समाज में सेवा और करुणा की भावना को मजबूत करने का काम कर रही हैं। उन्होंने गऊवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया। डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामथ्र्य के अनुसार गऊ सेवा के कार्यों में योगदान देना चाहिए। गऊमाता के प्रति श्रद्धा का भाव केवल पर्व और आयोजनों तक सीमित न रहकर जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। इस अवसर पर गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने आशीर्वचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को गऊ सेवा, धर्म, संस्कार और मानव कल्याण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गाय की सेवा करना भारतीय परंपरा में पुण्य और परोपकार का कार्य माना गया है।
लोगों ने गायों को तिलक लगाकर की पूजा
गोपाष्टमी के अवसर पर श्री कृष्ण गऊशाला में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। लोगों ने गायों को तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर तथा उन्हें गुड़, हरा चारा और अन्य खाद्य सामग्री खिलाकर पूजा-अर्चना की। परिवारों सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने गौमाता का आशीर्वाद लिया और गौसेवा का संकल्प भी लिया। पूरे दिन गऊशाला परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक पर्व में भागीदारी की। गौरतलब है कि गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गौसेवा और ग्वाल जीवन से जुड़ी परंपराओं का स्मरण कराता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने का कार्य प्रारंभ किया था। इसलिए इस दिन गोपूजन और गौसेवा का विशेष महत्व माना जाता है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक जगमोहन आनंद, मेयर रेणु बाला गुप्ता, भाजपा जिला प्रधान प्रवीण लाठर, कपिल अत्रेजा, संजय बठला, स्वामी जयप्रकाश, स्वामी प्रेममूर्ति, पदमसेन गुप्ता, एसपी चौहान, तरूण बंसल, अनिल गुप्ता, सुशील जैन, रमेश ग्रोवर, महेंद्र चौधरी, संदीप गुप्ता, सतपाल गोयल, नरेंद्र बांबा, घनश्याम गोयल, श्री कृष्ण गऊशाला के प्रधान सुनील गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ एसके गोयल, महासचिव रामकुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष गुरदयाल अग्रवाल, दुलियाराम शर्मा, विवेक अग्रवाल, बलबीर लाठर, सुभाष गुप्ता व विकास बंसल आदि मौजूद रहे।















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































