#Political

सोनिया गांधी की किताब पर त्रिलोचन सिंह का तीखा हमला, सिख दंगों और ब्लू स्टार ऑपरेशन से बचने की कोशिश का लगाया आरोप

करनाल, अभी अभी। सोनिया गांधी की किताब को लेकर अल्पसंख्यक आयोग हरियाणा के पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा नेता त्रिलोचन सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के माध्यम से सिख दंगों और ऑपरेशन ब्लू स्टार जैसे संवेदनशील ऐतिहासिक मुद्दों से बचने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में दर्ज इन घटनाओं को केवल किताबों में कुछ बातें लिखकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सिख समाज आज भी इन घटनाओं के दर्द को अपने दिल में संजोए हुए है और इनका जवाब चाहता है।

त्रिलोचन सिंह ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान हजारों निर्दोष सिखों को अपनी जान गंवानी पड़ी। परिवार उजड़ गए, घरों और कारोबारों को नुकसान पहुंचा तथा अनेक लोगों को वर्षों तक न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन घटनाओं की जिम्मेदारी पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र करते हुए कहा कि श्री हरमंदिर साहिब पर हुए हमले को सिख समाज कभी भुला नहीं सकता। यह केवल एक धार्मिक स्थल पर हुई कार्रवाई नहीं थी, बल्कि सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं और आस्था से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है। इस घटना ने पूरी दुनिया में रहने वाले सिख समुदाय को गहरा आघात पहुंचाया था।

त्रिलोचन सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इन मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मांग की कि वे सिख समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष उपस्थित होकर माफी मांगें।

उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था है और सिख समाज की भावनाओं से जुड़े मामलों में इसकी गरिमा सर्वोपरि है। इतिहास के इन काले अध्यायों को भुलाया नहीं जा सकता। जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय और सिख समाज को संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक इन सवालों को उठाया जाता रहेगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *