विश्व फोटोग्राफी दिवस पर करनाल में 113 फोटोग्राफर्स ने किया रक्तदान

करनाल, अभी अभी। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर फोटोग्राफर्स एसोसिएशन की ओर से अर्जुन गेट स्थित सेवा समिति आश्रम में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि भाजपा जिला प्रधान प्रवीण लाठर विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। शिविर में कुल 113 यूनिट रक्तदान हुआ। यह रक्त थैलीसीमिया पीडि़त बच्चों को दिया जाएगा। इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन की नई उम्मीद देने का पुण्य कार्य है। विशेष रूप से थैलेसीमिया पीडि़त बच्चों के लिए नियमित रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में रक्तदान शिविर उनके जीवन में राहत और मुस्कान लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफर्स एसोसिएशन ने विश्व फोटोग्राफी दिवस को केवल कैमरे और तस्वीरों तक सीमित न रखते हुए मानव सेवा से जोडक़र एक अनुकरणीय संदेश दिया है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, क्योंकि हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी परिवार की जिंदगी में खुशियां लौटा सकता है। प्रवीण लाठर ने फोटोग्राफर्स एसोसिएशन करनाल की पूरी टीम को इस नेक पहल के लिए बधाई एवं साधुवाद देते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की सबसे बड़ी उम्मीद बन सकता है। सभी मिलकर रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएं और मानवता की सेवा में अपना योगदान दें। एसोसिएशन के प्रधान रामा मदान ने कहा कि रक्तदान से शरीर पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता। यह मानव शरीर में बनता है और मानव के ही काम आता है। हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। शिविर के दौरान रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक अजीत मेहता, अनिल मेहता, सतपाल शर्मा, राजिंद्र सिंह, चेयरमैन पवन ढींगड़ा, वाइस चेयरमैन श्याम सचदेवा, प्रधान रामा मदान, महासचिव गुरमीत सिंह, कोषाध्यक्ष अमित कुमार, राकेश अरोड़ा, राजीव नटराज, जसबीर कुमार, मिंकू बब्बर, विक्की, अशोक सचदेवा, दिनेश कुमार, राम अरोड़ा, लवि कुमार, सुरेंद्र कुमार, महक कुमार, संजय सचदेवा व राजू गोरा आदि मौजूद रहे।


















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































