दिल्ली में शुरू हुआ ‘मेट्रो मंडे’, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मेट्रो से पहुंचीं कार्यालय
Abhi Abhi Breaking : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘मेट्रो मंडे’ की शुरुआत की। इस पहल के तहत उन्होंने निजी वाहन की बजाय मेट्रो से दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय पहुंचकर आम लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा और इंद्राज सिंह भी मेट्रो से कार्यालय पहुंचे। मेट्रो स्टेशन से उतरने के बाद तीनों नेता इलेक्ट्रिक बस से सचिवालय पहुंचे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “अगर आप सार्वजनिक वाहनों पर अपनी निर्भरता बढ़ाएंगे, तो दिल्ली के लोगों को कई फायदे मिलेंगे। इससे प्रदूषण कम होगा, ट्रैफिक जाम घटेगा और शहर की रफ्तार बदलेगी। मैं सभी दिल्लीवासियों से अपील करती हूं कि निजी वाहनों के बजाय मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।” उन्होंने आगे कहा कि ‘मेट्रो मंडे’ को ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान के तहत शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री के इस आह्वान पर कई मंत्री, अधिकारी और कर्मचारी आज मेट्रो से कार्यालय पहुंचे।
इस बढ़ते यात्री भार को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो (DMRC) ने पहले से ही तैयारी कर ली है। 17 मई को डीएमआरसी ने अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स को 6 से बढ़ाकर 24 कर दिया था। मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बलों की तैनाती भी बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को शुभ संकेत बताते हुए कहा कि कई लोगों को मेट्रो से कार्यालय जाते देखकर खुशी हुई है। सरकार का लक्ष्य है कि ‘मेट्रो मंडे’ को नियमित अभियान बनाया जाए और धीरे-धीरे इसे पूरे हफ्ते में फैलाया जाए।यह पहल दिल्ली में ट्रैफिक और प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































