#Business

करनाल की मंडियों में पहुंचा 32 हजार 678 मीट्रिक टन गेहूं, खरीद सिर्फ 2765 एमटी

करनाल, अभी अभी। उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि जिला की मंडियों में गेहूं की आवक जारी है। मंडियों में गेहूं की आवक के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध पहले से ही पूरे कर लिए गए थे। सोमवार सायं तक जिला में करीब 32 हजार 678 मीट्रिक टन गेहूं की आवक विभिन्न परचेज सेंटरों व मंडियों में हुई। उन्होंने बताया कि विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा 2765 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया जिसमें से खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा 1040 मीट्रिक टन, हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन संघ लिमिटेड द्वारा 1372 मीट्रिक टन तथा हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा 353 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल सुखाकर ही मंडियों में लेकर आएं। इसके साथ ही केवल पंजीकृत नंबर वाले ट्रैक्टरों में ही लेकर आएं। यदि किसी विशेष परिस्थिति में किसान ऐसा नहीं कर पाते हैं, तो उन्हें संबंधित एसडीएम से अनुमति लेनी होगी।
कंट्रोल रूम स्थापित किया
उन्होंने बताया कि जिला में गेहूं की फसल की बिक्री के दौरान किसानों को आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान के लिए डीआरओ कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके साथ ही गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने और किसानों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0184-2267271 व 0184-2980735 जारी किए गए हैं। यह हेल्पलाइन सेवा प्रतिदिन प्रात 6.00 बजे से रात्रि 8.00 बजे तक क्रियाशील रहेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *