#Political

अवैध सीवरेज, स्टॉर्म वाटर और पेयजल कनेक्शनों पर नगर निगम लेगा सख्त एक्शन

करनाल, अभी अभी। नगर निगम करनाल द्वारा निगम सीमा क्षेत्र में आने वाली सभी कॉलोनियों एवं आवासीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अनियमितताओं की जांच के लिए एक व्यापक विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके अंतर्गत मुख्य रूप से सीवरेज, स्टॉर्म वाटर एवं पेयजल आपूर्ति जैसी मूलभूत जन सुविधाओं के प्रयोग में बरती जा रही अनियमितताओं और अन्य पहलुओं की न केवल बारीकी से जांच पड़ताल की जाएगी, बल्कि इसी आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके नियमों का उल्लंघन करने वालों को नोटिस भी जारी किए जाएंगे।
मेयर रेणु बाला गुप्ता ने बताया कि निगम प्रशासन को लंबे समय से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि अनेक कॉलोनियों में सीवरेज, स्टॉर्म वाटर एवं पेयजल आपूर्ति की सुविधाएं बिना अनुमति सीधे नगर निगम की लाइनों से जोड़ी जा रही हैं। कई स्थानों पर कॉलोनाइजरों द्वारा न तो सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया गया है और न ही स्वयं की जल निकासी या पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जो कि पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है। ऐसे अधिकांश क्षेत्रों में नगर निगम की ओर से प्रदत सुविधाओं का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जुड़ी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए अभियान की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है।
मेयर ने स्पष्ट किया कि यह अभियान नगर निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत समस्त नियमित एवं अनियमित कॉलोनियों को कवर करेगा। इसके तहत निगम की टीमें क्षेत्रवार निरीक्षण करते हुए प्रत्येक कॉलोनी में कनेक्शनों की वैधता की बारीकी से जांच करेंगी। जांच के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले कॉलोनाइजरों एवं संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों में बिना अनुमति मूलभूत सुविधाओं का उपयोग करने के साथ-साथ सीवरेज, स्टॉर्म वाटर और पेयजल निकासी के उचित प्रबंध भी नहीं किए गए हैं, जिससे विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे मामलों में अन्य संबंधित विभागों से भी समन्वय स्थापित करके रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी ताकि आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के तकनीकी विशेषज्ञ सतीश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों की टीम इस अभियान को क्रियान्वित करेगी। मेयर ने दो टूक कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अंत में मेयर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में सीवरेज और पेयजल व्यवस्था को नियमानुसार बनाए रखें। यदि किसी कॉलोनी में कॉलोनाइजर स्तर पर नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो नागरिक सजग रहें और व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त करवाएं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *