पेट्रोल डीजल की कमी से जूझ रहा नेपाल, सार्वजनिक कार्यालयों में अब 5 दिन ही होगा काम
नेपाल, एजेंसी। मिडिल ईस्ट में जारी जंग से जुड़े ईंधन संकट के बीच नेपाल सरकार ने बड़ा फैसला किया है। नेपाल में अब दो दिन की सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया गया है। देश में रविवार के साथ शनिवार को भी स्कूल, कॉलेजों से लेकर दफ्तर बंद रहेंगे। हाल ही में चुने गए प्रधानमंत्री बालेन शाह ने मंत्रिपरिषद की बैठक के दौरान यह फैसला किया। सरकारी प्रवक्ता सस्मित पोखरेल ने बताया कि सरकारी दफ्तर और सभी शिक्षण संस्थान 6 अप्रैल से नए वीकेंड शेड्यूल का पालन करेंगे, ताकि पेट्रोलियम की सप्लाई में मदद मिल सके. पोखरेल ने कहा कि दो दिन दफ्तर और स्कूल बंद करने का कदम पेट्रोलियम की सप्लाई में हो रही लगातार रुकावटों के कारण उठाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि सरकारी दफ्तर अब काम के दिनों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुलेंगे। मंत्रिमंडल ने पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने में मदद के लिए जरूरी कानूनी ढांचा तैयार करने का भी फैसला किया है। प्रवक्ता के अनुसार, यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के कारण ईंधन की सप्लाई लगातार अनिश्चित होती जा रही है। सरकार का मानना है कि पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने को बढ़ावा देने से ईंधन की संभावित कमी से निपटने में मदद मिल सकती है और साथ ही देश को ग्रीन ट्रांसपोर्ट की ओर ले जाने में भी सहायता मिलेगी।






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































