सदभावना यात्रा से हरियाणा में मजबूत होगी कांग्रेस : भूपिंद्र लाठर भुप्पी
करनाल, वरूण गुलाटी। करनाल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंद्र लाठर भुप्पी ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विदेशी मामले विभाग के उपाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह द्वारा प्रदेश में निकाली जा रही सदभावना यात्रा से हरियाणा में कांग्रेस मजबूत होगी। यात्रा अब तक 71 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंच चुकी है और सभी हलकों में कांगे्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जन ने बृजेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह का जोरदार स्वागत किया है। करनाल में सदभावना यात्रा में शामिल होकर भूपिंद्र लाठर ने दोनों नेताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। सदभावना यात्रा इसी उद्देश्य के साथ शुरू की गई है। बृजेंद्र सिंह की सोच है कि कांग्रेस की नीतियां हर व्यक्ति तक पहुंचे। प्रदेश की जनता में भाईचारा और सदभाव कायम रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में जनता पर चारों ओर से महंगाई की मार पड़ रही है। सरकार का महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। महंगाई के इस दौर में आम आदमी का जीना दूभर होता जा रहा है।



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































