#Social

बेटियों को सशक्त बनाने के लिए उनकी कौशल क्षमता का विकास जरूरी : सुजाता गुप्ता

करनाल। सिटीजंस ग्रीवेंसीज कमेटी की महिला एवं बाल कल्याण उप समिति की अध्यक्ष सुजाता गुप्ता ने कहा कि वर्तमान दौर में बेटियों को सशक्त बनाने के लिए उनकी कौशल क्षमता का विकास जरूरी है। वह गुरुनानक खालसा कालेज में ‘स्किल डेवेलपमेंट के माध्यम से नारी सशक्तिकरण’ विषय पर आयोजित सेमिनार में छात्राओं को संबोधित कर रही थी। कालेज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में समाजसेविका सुजाता गुप्ता के निमंत्रण पर पहुंची योगा विशेषज्ञ सविता चौधरी, फैशन डिजाइनर गुलशन रानी, ब्यूटी एक्सपर्ट पूजा गाबा तथा बेकिंग विशेषज्ञ सुमिता धवन ने विशेष रूप से शिरकत की। छात्राओं का ज्ञानवर्धन करते हुए बताया गया कि किस प्रकार वह अपनी कौशल क्षमता का विकास कर सकती है। कौन-कौन से कोर्स करके लाखों रुपए की आय प्राप्त की जा सकती है। वक्ताओं ने कहा कि व्यक्तित्व निखार बहुत जरूरी है। व्यक्तित्व विकास कर खुद को बेहतर बनाने के लिए आत्म-जागरूकता, आत्म-विश्वास, और संचार कौशल विकसित कर सकते हैं। अपनी क्षमताओं को पहचानें, सकारात्मक दृष्टिकोण रखें, और लगातार कुछ नया सीखने का प्रयास करते रहें। वक्ताओं ने कहा कि छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित करें और इन्हें पूरा करें, इससे आत्मविश्वास बढ़ता है। हमेशा स्पष्ट बोलें और दूसरे व्यक्ति की बात को ध्यान से सुनें। समय प्रबंधन महत्वपूर्ण है। जो व्यक्ति समय प्रबंधन सीख जाता है उसे हर क्षेत्र में कामयाबी मिलती है। कालेज के प्राचार्य डा. चूहड़ सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आभार प्रकट किया। इस अवसर पर कालेज महिला प्रकोष्ठ की चेयरपर्सन एवं प्रभारी डा. अंजु रंगा, डा. सोनिया, डा. अमरजीत, डा. प्रीति, सीजीसी के चेयरमैन प्रो. एसएस बरगोटा, महिला एवं बाल कल्याण उप समिति की सचिव प्रतिभा बंसल सहित कालेज के प्राचार्य व स्टॉफ सदस्य भी मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *